Home » उत्तर प्रदेश » पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, सीएम योगी, अखिलेश समेत इन नेताओं ने जताया दुख

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, सीएम योगी, अखिलेश समेत इन नेताओं ने जताया दुख

Facebook
X
WhatsApp
Telegram
238 Views

नई दिल्ली: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में गुरुवार (26 दिसंबर) की रात दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। उनकी मृत्यु से भारत और दुनिया भर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है, और देशभर में उनकी सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, और योगदान को याद किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताते हुए कहा, “डॉक्टर मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन अत्यंत दुखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके शोकाकुल परिजनों तथा समर्थकों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति मिलें।”

अखिलेश यादव और मायावती की श्रद्धांजलि
सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री, भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर अति-दुखद है। भारत की अर्थव्यवस्था सुधार में उनका खास योगदान रहा, वे नेक इंसान थे। उनके परिवार और सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।”

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष ने जताई संवेदना
वहीं, यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “सियासत में सादगी के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने दुनिया को अलविदा कह दिया। यह सूचना बेहद पीड़ादायक है। आर्थिक सुधार, परमाणु समझौता और मनरेगा जैसी योजनाएं उनके दूरदर्शी और देश को समृद्धि के शिखर पर ले जाने वाली सोच का परिणाम थीं। यह देश उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। भावभीनी श्रद्धांजलि।”

भारत के आर्थिक सुधार में डॉ. मनमोहन सिंह का योगदान
डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति के एक सम्मानित नेता थे जिन्होंने अपनी ईमानदारी, सादगी और दूरदर्शी नीतियों के लिए जाने जाते थे। उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की अर्थव्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए, जिनमें आर्थिक सुधार, वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयास और भारत-अमेरिका परमाणु समझौता शामिल हैं। उनकी सरकार ने मनरेगा जैसी योजनाओं को लागू किया, जिसने लाखों भारतीयों को रोजगार प्रदान किया।

7 दिनों का राष्ट्रीय शोक
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्र सरकार ने सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान, राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और सरकारी आयोजन नहीं होंगे। डॉ. मनमोहन सिंह की मृत्यु भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है, और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *