Delhi Politics: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच संभावित गठबंधन की खबरों पर अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट स्थिति लेते हुए इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। केजरीवाल ने कहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव अपने बलबूते पर लड़ेगी और कांग्रेस के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाएगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत अंतिम चरण में है। सूत्रों का कहना था कि इस गठबंधन में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के अन्य दल भी शामिल हो सकते हैं। खबरें थीं कि कांग्रेस को 15 सीटें और अन्य इंडिया गठबंधन सदस्यों को 1 या 2 सीटें दी जा सकती हैं, जबकि बाकी सीटों पर आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
हालांकि, इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर इसका खंडन किया। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी दिल्ली में इस चुनाव में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।”
दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने चुनावी तैयारियों में जोर-शोर से जुटी हुई है। पार्टी ने अब तक दो सूची जारी की हैं। पहली सूची में 11 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया गया था, वहीं दूसरी सूची में सोमवार को 20 सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित किए गए।
दिल्ली में 2025 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और सूत्रों के मुताबिक, चुनाव फरवरी में हो सकते हैं। चुनाव आयोग जनवरी में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस बार आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होगा।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 8 सीटों पर सफलता मिली थी। कांग्रेस को इस चुनाव में कोई सीट नहीं मिली थी। इस बार कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन न होने से आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।