यूपी के बुलंदशहर में (अशोक कुमार) शुक्रवार की देर शाम नोएडा की एसटीएफ यूनिट और बुलंदशहर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश मारा गया। मृतक की पहचान शामली के थाना कैराना के इसोपुर खुरगान निवासी विनोद गडरिया के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाश विनोद गडरिया पर लूट, डकैती जैसे जघन्य अपराधों के दर्जनों मुकदमे दर्ज है। मुजफ्फरनगर में डकैती के 6 से अधिक मामलों में 2024 से वह फरार चल रहा था। उन्होंने बताया विनोद गडरिया 2006 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। उस पर मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जिलों में डकैती, हत्या और लूट के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। एसपी देहात ने बताया कि मुजफ्फरनगर की एक अदालत ने 2012 के एक मामले में विनोद को 7 साल की सजा सुनाई थी। जहांगीराबाद क्षेत्र में 20 जून की शाम को एसटीएफ की टीम से मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।