उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद के मिल्कीपुर में स्थित उधैला झील के सौंदर्यीकरण के लिए 3.81 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत झील के आसपास पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाया जा सके।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि उधैला झील में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है, जो इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनाता है। यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के लिए उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने कई योजनाएं तैयार की हैं। जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म के क्षेत्र में एक हब के रूप में उभर रहा है। अयोध्या, जो मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली है, पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष जनवरी से जून तक लगभग 33 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश का भ्रमण करने आए, जिसमें से करीब 11 करोड़ लोगों ने अयोध्या का दौरा किया। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों के साथ-साथ इको और रूरल पर्यटन के अन्य आयामों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। विदेशियों को आकर्षित करने के लिए राज्य पर्यटन विभाग विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर रहा है।
जयवीर सिंह ने बताया कि “हमारा प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को एक विशिष्ट अनुभव प्राप्त हो। इसके लिए पर्यटन स्थलों के साथ-साथ पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।”